नगर निगम टीम द्वारा कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूकता

17

धमतरी | नगर निगम धमतरी टीम द्वारा प्रतिदिन सुबह वार्डो में जाकर स्वच्छ भारत मिशन एवं निगम की स्वच्छता पहल के तहत नागरिकों को गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग डब्बों में देने के लिए जागरूक किया जा रहा है। निगम की स्वच्छता टीम ने वार्ड में घर-घर जाकर लोगों को समझाया कि गीला कचरा हरे डब्बे में तथा सूखा कचरा नीले डब्बे में डालें, ताकि कचरे का सही तरीके से निपटान हो सके। अभियान के दौरान नागरिकों को यह भी बताया गया कि गीले कचरे से खाद तैयार की जाएगी, जो बागवानी एवं कृषि कार्य में उपयोगी साबित होगी। वहीं, सूखे कचरे का पुनर्चक्रण कर विभिन्न प्रकार की उपयोगी सामग्री बनाई जाएगी। इस प्रकार का पृथक्करण न केवल पर्यावरण संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण है बल्कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूत करेगा। निगम अधिकारियों ने कहा कि यदि सभी नागरिक घर से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग कर देंगे तो डंपिंग यार्ड पर भार कम होगा और स्वच्छता कार्यों को अधिक प्रभावी तरीके से संचालित किया जा सकेगा। इससे शहर का वातावरण स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त रहेगा। निगम प्रशासन ने अपील की है कि सभी नागरिक इस अभियान को अपनी आदत का हिस्सा बनाएं और गीला-सूखा कचरा पृथक्करण में सहयोग करें। नगर निगम का लक्ष्य है कि धमतरी शहर को स्वच्छता की दिशा में आदर्श बनाया जाए और सभी की भागीदारी से इसे साकार किया जा सकता है।