
धमतरी। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने एवं आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा आवारा पशुओं के खिलाफ विशेष धरपकड़ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में निगम की टीम ने कलेक्ट्रेट मोड़ से अंबेडकर चौक होते हुए अर्जुनी चौक तक सघन अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़कों पर विचरण कर रहे कुल 12 मवेशियों को पकड़कर सुरक्षित रूप से अर्जुनी गौठान में रखा गया। निगम अधिकारियों ने बताया कि मुख्य मार्गों पर आवारा पशुओं के कारण आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी होती है। इसे देखते हुए नियमित कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम ने पशु पालकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को खुला न छोड़ें। यदि पशु दोबारा सड़क पर पाए जाते हैं तो नियमानुसार जुर्माना एवं अन्य कार्रवाई की जाएगी।






