गोकुलपुर वार्ड में श्री शिव महापुराण कथा का दिव्य आयोजन, महापौर रामू रोहरा ने लिया आशीर्वाद

16

धमतरी। गोकुलपुर वार्ड में पूज्य पंडित कामता प्रसाद जी के श्रीमुख से प्रवाहित श्री शिव महापुराण कथा का भव्य एवं दिव्य आयोजन श्रद्धा, भक्ति और आस्था के वातावरण में आयोजित किया जा रहा है। कथा स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर भगवान शिव की महिमा का श्रवण कर रहे हैं। इस अवसर पर नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर श्री रामू रोहरा विशेष रूप से उपस्थित हुए। उन्होंने कथा श्रवण कर देवाधिदेव महादेव की विधिवत पूजा-अर्चना की तथा समस्त नगरवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना की। महापौर श्री रोहरा ने कहा कि श्री शिव महापुराण कथा जैसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक जागृति, नैतिक मूल्यों और आपसी सद्भाव को मजबूत करते हैं। ऐसे आयोजनों से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा समाज को धर्म एवं संस्कारों से जोड़ने का कार्य होता है। उन्होंने आयोजन समिति एवं समस्त क्षेत्रवासियों को सफल आयोजन हेतु शुभकामनाएं दीं और भगवान शिव से प्रार्थना की कि गोकुलपुर वार्ड सहित पूरे नगर पर उनकी कृपा बनी रहे। कार्यक्रम में वार्डवासी, श्रद्धालुजन एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।