
धमतरी | कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने जिले के कृषि, पशुपालन, मत्स्यपालन और उद्यानिकी विभागों की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को मैदानी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को फसल चक्र परिवर्तन के लिए प्रेरित करने तथा वर्षा आधारित सिंचाई क्षमता बढ़ाने के लिए खेत-तालाब, नाला-रोधन, स्टॉप डैम और सूक्ष्म सिंचाई (ड्रिप एवं स्प्रिंकलर) को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों से कहा कि वे किसानों में कम पानी में अधिक उत्पादन देने वाली फसलों के बारे में जागरूकता बढ़ाएं और जल स्रोतों के संरक्षण व पुनर्भरण हेतु ग्राम स्तर पर अभियान चलाएं। उन्होंने धान खरीदी से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान, कृषि विभाग, राजस्व अमला, सीसीबी नोडल एवं बैंक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय और खरीदी प्रक्रिया को सुगम बनाने के निर्देश दिए। बीज वितरण कार्यक्रम को स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कराने और कैरी फॉरवर्ड खसरा का सत्यापन शीघ्र पूरा करने का भी निर्देश दिया गया। पशुपालन विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने जिले में पशुधन विकास की संभावनाओं को देखते हुए मैदानी स्तर पर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कृत्रिम गर्भाधान योजना में निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति, दुग्ध संग्रहण केन्द्रों की स्थिति का सुधार, किसान क्रेडिट कार्ड अभियान के माध्यम से पशुपालकों के अधिक से अधिक प्रकरण तैयार करना और पशुओं के टीकाकरण की प्रगति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने फसल क्षेत्र विस्तार, सब्जी, पुष्प, मसाला उत्पादन, शेडनेट, पाली हाउस, फेंसिंग, सपोर्ट सिस्टम और वर्मीकम्पोस्ट जैसी योजनाओं की प्रगति का अवलोकन किया। आयल पाम की खेती में इच्छुक किसानों को अध्ययन भ्रमण पर भेजने और केसीसी से संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान पर भी ध्यान देने को कहा गया। जिले में हाईटेक फ्लोरिकल्चर, पॉली हाउस और शासकीय उद्यान रोपणी की प्रगति की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। बैठक में उपसंचालक पशुपालन श्री मरकाम, सहायक संचालक मत्स्यपालन श्री राधव, सहायक संचालक उद्यानिकी श्रीमती गीता साहू सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर श्री मिश्रा की सक्रिय दिशा-निर्देशों से जिले में कृषि, पशुपालन और उद्यानिकी के क्षेत्र में सतत विकास और किसानों की समृद्धि को और बल मिलने की उम्मीद है।






