कलेक्टर ने अंगारमोती माता मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाएँ देखी,नौकायन प्रतियोगिता की तैयारियों का भी लिया जायजा

10

धमतरी | पावन नवरात्रि के प्रथम दिवस कलेक्टर ने अंगारमोती माता मंदिर पहुंचकर मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सौंदर्यीकरण कार्यों की सराहना की। कलेक्टर ने परिसर में विकसित गार्डन को और बेहतर बनाने के लिए औषधीय पौधों के रोपण का सुझाव देते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने अंगारमोती माता की पूजा-अर्चना की | निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  गजेंद्र सिंह ठाकुर, डीएफओ  कृष्ण जाधव, एसडीएम श्री पीयूष तिवारी, जनपद पंचायत धमतरी की सीईओ सुश्री वर्षा रानी तथा मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष जे.एल. ध्रुव सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कलेक्टर मिश्रा ने आगामी 22 मार्च को आयोजित होने वाली नौकायन प्रतियोगिता की तैयारियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्थल पर साफ-सफाई, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, मेडिकल सुविधाएं, पेयजल, पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया और सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कहा कि प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों और दर्शकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। इसके लिए पर्याप्त लाइफ जैकेट, प्रशिक्षित गोताखोर, रेस्क्यू बोट, पुलिस बल की तैनाती एवं आपात स्थिति के लिए एम्बुलेंस की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। साथ ही आपदा प्रबंधन दल को भी सतर्क रखने के निर्देश दिए। उन्होंने रेस ट्रैक की स्पष्ट मार्किंग और तकनीकी व्यवस्थाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। निरीक्षण के दौरान अंगारमोती माता मंदिर के समीप स्थित मचानहट का भी अवलोकन किया गया, जहां पर्यटन विकास की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए रूपरेखा तैयार करने पर चर्चा की गई।