
आयुक्त प्रिया गोयल ने इतवारी बाजार स्थित कला केंद्र का किया निरीक्षण ,बच्चों के लिए नई गतिविधियों के निर्देश
धमतरी | नगर पालिक निगम आयुक्त प्रिया गोयल एवं उपायुक्त पीसी सार्वा द्वारा इतवारी बाजार स्थित कला केंद्र का निरीक्षण किया गया। इस दौरान केंद्र की व्यवस्थाओं, उपलब्ध संसाधनों एवं बच्चों के लिए संचालित गतिविधियों का बारीकी से अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने केंद्र को और अधिक सक्रिय एवं उपयोगी बनाने पर जोर देते हुए संचालक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कला केंद्र बच्चों की प्रतिभा निखारने का महत्वपूर्ण मंच है, इसलिए यहां नियमित रूप से ड्राइंग, रंगोली एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों की कक्षाएं प्रारंभ की जाएं। साथ ही बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। आयुक्त प्रिया गोयल ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से बच्चों के मानसिक एवं रचनात्मक विकास को बढ़ावा मिलेगा और वे अपनी कला को बेहतर ढंग से प्रदर्शित कर सकेंगे। उपायुक्त पीसी सार्वा ने भी संबंधित को समयबद्ध तरीके से कक्षाएं शुरू करने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद कला केंद्र संचालक ने जल्द ही सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर बच्चों के लिए नियमित कक्षाएं शुरू करने का आश्वासन दिया।





