अवैध डीजल भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 3100 लीटर डीजल जब्त

36

धमतरी | जिले में अवैध रूप से पेट्रोलियम उत्पादों के भंडारण पर नियंत्रण के लिए प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बीते मंगलवार की शाम थाना प्रभारी कुरुद को प्राप्त शिकायत के आधार पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुरुद के निर्देश पर राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा कुरुद-धमतरी मार्ग स्थित सर्वेश्वर ऑटो फ्यूल्स, कुरुद में औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान पेट्रोल पम्प के पीछे बने स्टोर रूम एवं परिसर में संदिग्ध रूप से डीजल का भंडारण पाया गया। निरीक्षण में 4 ड्रम पूर्ण भरे हुए, 2 ड्रम आधे भरे हुए, 32 खाली ड्रम तथा 2 मिनी टैंकर वाहनों में लगभग 2100 लीटर डीजल पाया गया। इस प्रकार कुल लगभग 3100 लीटर डीजल अवैध रूप से संग्रहित होना प्रारंभिक जांच में सामने आया। संयुक्त जांच दल द्वारा मौके पर ही उक्त पेट्रोलियम उत्पाद एवं संबंधित सामग्री को प्रारंभिक रूप से जब्त कर लिया गया। साथ ही, संपूर्ण प्रकरण का प्रारंभिक जांच प्रतिवेदन तैयार कर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुरुद को प्रस्तुत किया गया, जिसके आधार पर आवश्यक अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।