अप्रैल में शुरू होगा 35 करोड़ का नया वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, धमतरी को मिलेगा भरपूर और स्वच्छ पानी

8

अप्रैल में शुरू होगा 35 करोड़ का नया वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, धमतरी को मिलेगा भरपूर और स्वच्छ पानी , महापौर रामू रोहरा ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए अंतिम तैयारियों के निर्देश
धमतरी। पेयजल समस्या से जूझ रहे धमतरी को अब जल्द ही स्थायी समाधान मिलने जा रहा है। लगभग 35 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एक और अत्याधुनिक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का शुभारंभ आगामी अप्रैल माह में किया जाएगा। इसके शुरू होते ही शहर में पानी की आपूर्ति की रफ्तार तेज होगी और हर वार्ड में पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। रविवार सुबह महापौर रामू रोहरा ने प्लांट स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और इंजीनियरों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शेष कार्यों को समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि यह वाटर ट्रीटमेंट प्लांट धमतरी शहर के लिए एक ऐतिहासिक परियोजना है। इसके शुरू होने से न केवल जल आपूर्ति में सुधार आएगा, बल्कि वर्षों से चली आ रही पानी की किल्लत भी समाप्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य है कि शहर के हर घर तक नियमित और स्वच्छ पानी पहुंचे, जिससे नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने आगे बताया कि प्लांट में आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया गया है, जिससे पानी को शुद्ध कर बेहतर गुणवत्ता के साथ सप्लाई किया जाएगा। इससे जलजनित बीमारियों में भी कमी आने की संभावना है। निरीक्षण के दौरान प्लांट के इंजीनियर अ ने महापौर को जानकारी दी कि प्लांट का अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुका है और अंतिम चरण की तैयारियां तेजी से की जा रही हैं। परीक्षण कार्य के बाद इसे विधिवत शुरू कर दिया जाएगा। नगर निगम द्वारा शहर में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में यह वाटर ट्रीटमेंट प्लांट एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जो आने वाले समय में धमतरी को पेयजल संकट से पूरी तरह मुक्त करने में अहम भूमिका निभाएगा। इस अवसर पर जल विभाग केप्रभारी अखिलेश सोनकर, अज्जू देशलहरे, संतोष सोनकर, हेमंत बंजारे, संजय देवांगन, कुलेश सोनी, गजेंद कवर आदि उपस्थिति थे।